मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें कार्यक्रम के दौरान IED धमाका करने की चेतावनी दी गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र भी मिला है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। इसमें मदावरा के NICE रोड स्थित मैदान में बम हमले की चेतावनी दी गई है। बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट इसी मैदान में आगामी 29 नवम्बर को होना है।
ईमेल में कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया है कि वे बच्चों को साथ न लाएं, आईफोन पर आए फोन का जवाब न दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचें। हालांकि धमकी के बाद भी अभी तक कॉन्सर्ट कार्यक्रम में किसी तरह के बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि दिलजीत के कार्यक्रम को लेकर इस तरह की धमकियां पहली बार नहीं मिली हैं। इससे पहले उनके इंदौर में हुए कॉन्सर्ट से पहले भी पुलिस को ऐसे ईमेल मिले थे। इंदौर के कार्यक्रम में बम विस्फोट की धमकी को लेकर मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ई-मेल भेजे गए थे। हालांकि पुलिस ने जांच के बाद इन संदेशों को पहली नजर में फर्जी बताया था। इंदौर कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों का जवाब दिलजीत दोसांझ ने एक शेर के जरिए देने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें प्रस्तुति देने से रोकने की कोशिश की गई, इसके बावजूद उन्होंने बिना डरे वादा निभाया।
