नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण: राइज ऑफ अ लीजेंड' की कमाई रिलीज के 19वें दिन तेजी से गिरी है। सोमवार को फिल्म ने देश में 15,696 शोज से ₹12.70 करोड़ की नेट कमाई की, जो 19 दिनों में अब तक की सबसे कम है। यह पिछले सोमवार के मुकाबले 64.3% की गिरावट है। Sacnilk के मुताबिक, इस कमाई में हिंदी वर्जन से ₹9.25 करोड़, मलयालम से ₹1.50 करोड़, कन्नड़ से ₹85 लाख, तमिल से ₹80 लाख और तेलुगू से ₹30 लाख शामिल हैं। फिल्म की कुल नेट कमाई ₹955.45 करोड़ और ग्रॉस कमाई ₹1,141.65 करोड़ हो गई है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹1000 करोड़ के नेट कलेक्शन से ₹44.55 करोड़ दूर है। विदेशी बाजार में भी फिल्म को नुकसान हो रहा है और अमेरिका में इसे 800 सिनेमाघरों से हटा दिया गया है। फिर भी यह US में 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। 19 दिनों में फिल्म ने ओवरसीज से ₹563.00 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है, जिससे वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹1,704.65 करोड़ हो गया है। वर्ल्डवाइड इसे ₹38 करोड़ और जोड़ने हैं, जिसके बाद यह 'पुष्पा 2' को पछाड़कर सबसे अधिक कमाई करने वाली चौथी भारतीय फिल्म बन जाएगी। अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' ने लाइफटाइम ₹1,742 करोड़ की ग्रॉस कमाई की थी।
दर्शकों को आकर्षित करने के लिए मेकर्स ने मल्टीप्लेक्स चेन्स में मंगलवार को ₹99 के टिकट का ऑफर दिया है। फिल्म के प्रमोशनल पोस्ट में कहा गया है कि इस मंगलवार बड़े पर्दे पर 'रामायण' का अनुभव लिया जा सकता है, जहां टिकट की कीमतें सिर्फ ₹99 से शुरू हो रही हैं। माना जा रहा है कि इस ऑफर से 20वें दिन कमाई में उछाल आ सकता है।
दक्षिण भारत में फिल्म एक नया रिकॉर्ड बनाने की ओर है। साउथ के राज्यों से इसने 19 दिनों में करीब ₹376 करोड़ कमाए हैं, यानी घरेलू कारोबार का लगभग एक-तिहाई हिस्सा दक्षिणी राज्यों से आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म अकेले दक्षिण भारत से ₹400 करोड़ से अधिक कमा सकती है।
