मुजफ्फरनगर में 2013 के सांप्रदायिक दंगे से जुड़े डकैती और आगजनी के एक मामले में अदालत ने 13 साल बाद 15 आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। अभियोजन पक्ष के पांचों गवाह मुकर गए, जिसके चलते यह फैसला आया।

अपर जिला एवं सत्र न्यायालय, फास्ट ट्रैक कोर्ट-प्रथम के न्यायाधीश ने सोमवार को यह निर्णय सुनाया। अभियोजन के अनुसार फुगाना थाना क्षेत्र के गांव फुगाना निवासी सलीम ने मुकदमा दर्ज कराया था कि आठ सितंबर 2013 की रात हिंदू पक्ष के लोगों ने धार्मिक नारेबाजी करते हुए उनके घर पर हमला किया। आरोप था कि हमलावरों ने धारदार हथियारों के साथ मकान में लूटपाट की और आगजनी कर भाग गए, जिसमें वह और उनके परिजन घायल हुए।

इस मामले में 27 लोगों को नामजद और दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक उन्माद भड़काने तथा लूटपाट के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। इनमें 15 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई थी, जबकि एक आरोपी की सुनवाई के दौरान मौत हो गई। अभियोजन ने वादी सलीम, उनके दो भाइयों और अरविंद समेत पांच गवाह पेश किए, लेकिन सभी अपने बयानों से मुकर गए।

बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं के अनुसार वादी और उनके भाइयों ने अदालत में कहा कि उन्होंने घटना होते नहीं देखी और वे आठ सितंबर 2013 से पहले ही गांव छोड़ चुके थे। गवाह अरविंद ने भी घटना से इनकार किया। गवाहों के पक्षद्रोही होने और साक्ष्य के अभाव में अदालत ने आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। एक आरोपी राकी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153ए के तहत दो अलग पत्रावलियों पर सुनवाई हुई, जिसमें उसे भी साक्ष्य के अभाव में बरी किया गया।