राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सौहार्द के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के पहले कबीर पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मुदस्सिर अली का शुक्रवार देर रात अलीगढ़ में निधन हो गया। उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए किए गए कार्यों के सम्मान में यह पुरस्कार प्रदान किया था।

डॉ. मुदस्सिर अली अलीगढ़ में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक दायित्वों पर सक्रिय रहे। वे अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू, अलीगढ़ के उपाध्यक्ष, जमीयत उलमा-ए-हिंद की अलीगढ़ इकाई के कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव और इंडियन डॉक्टर्स फार पीस एंड डेवलपमेंट, अलीगढ़ के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने वक्फ संख्या 63, दरगाह शाह जमाल कब्रिस्तान के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभाई।

राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी की कार्यकारिणी समिति के सदस्य रहते हुए उन्होंने दो दशक से अधिक समय तक अखिल भारतीय मुशायरे के संयोजक का दायित्व संभाला।

उनके निधन पर पूर्व महापौर मोहम्मद फुरकान, अतीक अहमद अंसारी सहित अन्य लोगों ने दुख जताया है।