प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के बिचौलिये कृष्णु शारदा की कमाई में 2023 के बाद अचानक बड़ा उछाल सामने आया है। ईडी के अनुसार, शारदा और उसकी पत्नी के आठ बैंक व पोस्ट ऑफिस खातों में 2013 से 2025 के बीच 1.00 करोड़ रुपये से अधिक जमा हुए, जिनमें से 86.32 लाख रुपये 2023 के बाद ही जमा किए गए। एजेंसी ने शारदा पर अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर 1.12 करोड़ रुपये कमाने का आरोप लगाया है।

ईडी ने जब रकम के स्रोत के बारे में पूछा तो शारदा ने दावा किया कि उसने हॉकी कोचिंग और टूर्नामेंट से कमाई की है, जबकि उसकी पत्नी होम ट्यूशन से भी कमाती है। एजेंसी उसके इन दलीलों से संतुष्ट नहीं है और उसने आरोपित के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट के मुताबिक, 2013 से 2025 तक खातों में कुल 1,00,62,178 रुपये जमा हुए, जिनमें 2023 से पहले सिर्फ 14.30 लाख रुपये थे।

ईडी का आरोप है कि शारदा केवल भुल्लर के लिए बिचौलिये का काम नहीं करता था, बल्कि पंजाब के पुलिस, सिविल प्रशासन, राजस्व विभाग और अन्य सरकारी विभागों के अधिकारियों से संपर्क रखता था। वह ट्रांसफर-पोस्टिंग, नंबरदारी, जमीन संबंधी मामलों और अन्य सरकारी कार्यों को करवाने के नाम पर लोगों से रकम लेता था। ईडी ने अपराध की कमाई 1,12,32,048.03 रुपये आंकी है और उसके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में आए 17,38,845 रुपये के यूपीआई लेन-देन की भी जांच कर रही है।

सीबीआई ने 16 अक्टूबर 2025 को भुल्लर और कृष्णु शारदा को मंडी गोबिंदगढ़ के एक व्यापारी को डराकर रिश्वत मांगने के मामले में आठ लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इसी आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की। एजेंसी का कहना है कि मामले में अन्य लोगों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका तथा अपराध की कुल कमाई का पता लगाने के लिए जांच जारी है।