महाराष्ट्र में शिवसेना के दोनों गुटों के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर आरोप लगाया कि उन्हें शाह के खिलाफ बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। शिंदे ने कहा कि 2019 में जिन लोगों ने महाराष्ट्र की जनता और भाजपा-शिवसेना गठबंधन के साथ विश्वासघात किया, वे गृहमंत्री पर सवाल नहीं उठा सकते। उन्होंने यह भी कहा कि ठाकरे मीडिया में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं।

इस बयानबाजी की शुरुआत सोमवार को पुणे से हुई, जहां अमित शाह ने जिला परिषद कार्यालय के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया और दिवंगत अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान शाह ने कहा था कि पवार का निधन महाराष्ट्र के लिए बड़ा नुकसान है। इसके बाद उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि भाजपा ने ही अजित पवार पर 70 हजार करोड़ के घोटाले के आरोप लगाकर उनका जीना दूभर कर दिया था। ठाकरे ने कहा था कि शाह को प्रतिमा अनावरण के बाद पवार से माफी मांगनी चाहिए थी।

शिंदे ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने अनुच्छेद 370 हटाकर और अयोध्या में राम मंदिर बनाकर बालासाहब ठाकरे का सपना पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बालासाहब ठाकरे की पुण्यतिथि के दिन उनका अभिनंदन करने के बजाय उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र और देश की जनता समझदार है और वह ऐसे बयानों को समझती है।