फरीदाबाद में कार्तिक माह के दौरान विभिन्न मंदिरों और गुरुद्वारों से प्रभात फेरियां निकलने का सिलसिला जारी है। शबद वाणी और भजनों से संगत निहाल हो रही है।
बुधवार भोर में एक नंबर स्थित संतों के गुरुद्वारा से प्रभात फेरी निकाली गई, जो एक नंबर मार्केट से होते हुए एक नंबर डी ब्लॉक पहुंची। पूरे रास्ते गुरु वाणी का पाठ होता रहा। एक नंबर मिलाप दवाखाना चौक के नजदीक संगत ने प्रभात फेरी का स्वागत किया।
प्रभात फेरी के संयोजक गुलशन भाटिया और सरदार नीटू सिंह ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान गुरु वाणी का पाठ और शबद कीर्तन किया जाता है। जिन क्षेत्रों से प्रभात फेरी निकलती है, वहां संगत श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत करती है। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए चाय, प्रसाद और अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जाती है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
24 नवंबर को होने वाले गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में कई जगह श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए अपनी हाजिरी लगा रहे हैं।
