फतेहपुर में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बुधवार को दो उप निरीक्षकों, एक मुख्य आरक्षी, सात आरक्षियों और एक अनुचर को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में शिथिलता, लापरवाही और जुआरियों को रुपये लेकर छोड़ने के आरोपों की जांच में सही पाए जाने के बाद की गई है।

एसपी के अनुसार, सदर कोतवाली के हरिहरगंज चौकी इंचार्ज योगेश प्रताप सिंह पर विवेचनाओं में रुचि न लेने और उन्हें लंबित रखने का आरोप पाया गया, जबकि सुल्तानपुर घोष थाने के उप निरीक्षक पवन कुमार पर दायित्व निर्वहन में शिथिलता का मामला सामने आया। इसी थाने के मुख्य आरक्षी अजय सिंह और धाता थाने के आरक्षी नित्यानंद यादव भी लापरवाही के आरोप में निलंबित किए गए हैं। पुलिस लाइन में तैनात अनुचर जितेन्द्र पाल पर नशे की हालत में ड्यूटी करने का आरोप है।

सबसे बड़ी कार्रवाई गाजीपुर थाने में हुई, जहां छह सिपाहियों को एक साथ निलंबित किया गया है। दीपावली के दौरान एक गांव में जुए की फड़ पकड़े जाने के बाद आरोप है कि सिपाहियों ने लेन-देन कर सभी जुआरियों को छोड़ दिया। यह भी आरोप है कि छापेमारी की अनुमति अधिकारियों से नहीं ली गई और न ही जुआरियों को छोड़ने की जानकारी दी गई। मामला एसपी के संज्ञान में आने पर जांच कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। निलंबित सिपाहियों में महेश साहनी, अजय यादव, अनुज कुमार सिंह, स्वतंत्र चौधरी, अनिल यादव और दीपक यादव शामिल हैं।

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि विभाग की मंशा के अनुरूप काम न करने वाले कर्मी बख्शे नहीं जाएंगे। अनुशासन और दायित्व निर्वहन में खोट पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।