फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र में कैंटर चोरी के वांछित आरोपित जाकिर हुसैन को पुलिस ने मंगलवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। साती रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास हुई पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपित को पुलिस ने ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को जाटवपुरी चौराहे के पास सर्विस रोड पर खड़ा कैंटर चोरी हो गया था। वाहन मालिक के स्वजन की तहरीर पर रामगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जाकिर हुसैन निवासी पोंडरी, थाना अवागढ़, एटा का नाम प्रकाश में आया।
मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित साती रोड के पास दोबारा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर रामगढ़ पुलिस और सर्विलांस टीम ने नायरा पेट्रोल पंप से नगला मिलिक जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पीछा करने पर पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
