सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कंटेंट क्रिएटर पुलक कौशिक ने फ्लैट और जमीन के बीच के चुनाव पर अपनी राय रखी है। अपने इंस्टाग्राम आईडी pulak_kaushik से शेयर किए गए इस वीडियो में वे रात के समय टहलते हुए नजर आते हैं। वे कहते हैं कि निवेश के नजरिए से जमीन अच्छा विकल्प हो सकता है, लेकिन जीवन को भी तो एंजॉय करना है। उनका तर्क है कि लोग भले कहें कि 25 साल बाद फ्लैट पुराना हो जाएगा और जमीन का रेट बढ़ जाएगा, लेकिन सोसाइटी का जगमग नजारा और जीवन का आनंद भी महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक हर चीज को फायदा-नुकसान के पैमाने पर नहीं देखा जा सकता।
इस वीडियो पर अब तक 15 लाख से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं और लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ यूजर्स पुलक की बात से सहमत हैं और कहते हैं कि सोसाइटी में रहने के अपने फायदे हैं, जहां बच्चों और बुजुर्गों को बेहतर सोशल लाइफ मिल पाती है। वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि यह वीडियो फ्लैट खरीदने के फैसले को सही साबित करने की कोशिश भर है। बहस में एक पक्ष यह भी है कि फ्लैट में जमीन अपनी नहीं होती, जबकि जमीन खरीदकर उस पर घर बनवाने की अपनी अलग सोच है।
