लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने ऑनलाइन खाद्य कारोबार करने वालों के लिए निर्देश जारी किए हैं। इनके मुताबिक डिलिवरी या सप्लाई के समय उत्पाद की कुल शेल्फ लाइफ का कम से कम 30 प्रतिशत या एक्सपायरी से न्यूनतम 45 दिन शेष होना अनिवार्य है। दोनों में जो पहले लागू हो, उसका पालन करना होगा। सत्यापन के लिए बैच नंबर, निर्माण और एक्सपायरी तिथि का रेकॉर्ड रखना होगा।
ऑनलाइन फूड डिलिवरी और क्विक कॉमर्स के बढ़ते चलन के बीच उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद और सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए UPFSDA ने ई-कॉमर्स खाद्य कारोबारियों के लिए 24 बिंदुओं वाले नियामक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें 'नेचुरल', 'फ्रेश', 'ऑथेंटिक', 'नो एडेड शुगर', 'शुगर फ्री', 'लो शुगर' और '100%' जैसे अप्रमाणित दावों तथा भ्रामक स्वास्थ्य विज्ञापनों पर रोक लगाई गई है। बीमारी के उपचार या रोकथाम से जुड़े अप्रमाणित दावे भी नहीं दिखाए जा सकेंगे। आर्गेनिक, फोर्टिफाइड और वीगन उत्पाद वैध प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद ही सूचीबद्ध किए जाएंगे।
एफएसडीए आयुक्त की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार किसी खाद्य विक्रेता, ब्रांड या रेस्टोरेंट को वैध 14 अंकों के FSSAI लाइसेंस या पंजीकरण के सत्यापन के बिना ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर सूचीबद्ध नहीं किया जाएगा। उत्पाद पेज पर प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस नंबर और उपलब्ध होने पर हाइजीन रेटिंग दिखानी होगी। डिजिटल बिल, ई-चालान और रसीद पर विक्रेता के साथ ऑनलाइन प्लैटफॉर्म का FSSAI नंबर भी दर्ज करना होगा। डार्क स्टोर, वेयरहाउस, फुलफिलमेंट सेंटर, पिकअप पॉइंट और क्लाउड किचन की FOSCOS पोर्टल पर मैपिंग और लाइसेंस जरूरी है।
दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मांस, मछली और फ्रोजन खाद्य सामग्री के लिए निर्धारित कोल्ड चेन बनाए रखनी होगी। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों के साथ खाद्य एवं गैर-खाद्य वस्तुओं को अलग-अलग रखना होगा। उत्पादों के स्रोत, बैच नंबर और स्टॉक का रेकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर दिया गया उत्पाद विवरण उसकी वास्तविक पैकेजिंग के अनुरूप होना चाहिए। प्री-पैक्ड उत्पादों के घटक, पोषण मूल्य, कैलोरी और वेज/नॉनवेज की जानकारी देनी होगी। ग्लूटेन, सोया, नट्स और दूध जैसे एलर्जेन की जानकारी भी देनी होगी।
निर्माता, पैकर या आयातक का नाम, पता और कस्टमर केयर संबंधी जानकारी देनी होगी। डिलिवरीकर्मियों के पहचान पत्र और मेडिकल फिटनेस संबंधी रेकॉर्ड अपडेट रखने होंगे। उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण के लिए नोडल अधिकारी नामित करना होगा। गैर-अनुपालन, मिलावट या भ्रामक दावों के कारण प्राधिकरण की ओर से चिह्नित उत्पाद को तत्काल प्लैटफॉर्म से हटाकर उसकी बिक्री और विज्ञापन बंद करना होगा।
