चारधाम ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण का काम तेज हो गया है। बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी की मौजूदगी में बीआरओ, राजस्व विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ज्ञानसू क्षेत्र में अधिग्रहित परिसंपत्तियां हटाने की कार्रवाई शुरू की। टीम ने ज्ञानसू के कंडोला बैंड के पास परिसंपत्तियां हटानी शुरू कीं।
अधिकारियों के अनुसार, ठेकेदार कंपनी दिसंबर में चौड़ीकरण का निर्माण कार्य आगे बढ़ाएगी। उत्तरकाशी से भैरोंघाटी तक हाईवे चौड़ीकरण पांच चरणों में प्रस्तावित है। वन भूमि हस्तांतरण और एनजीटी से संबंधित रोक सहित कई अड़चनों के कारण काम लंबे समय से अटका हुआ था। पांचवें चरण में चुंगी बड़ेथी से तेखला तक करीब पांच किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण होना है, जहां कुछ दिनों से प्रक्रिया तेज की गई है।
परियोजना से प्रभावित करीब 147 लोगों को 33.48 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाना है, जिसमें से अब तक 12.95 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। मुआवजा वितरण के साथ अधिग्रहण की जद में आ रही परिसंपत्तियां हटाने की कार्रवाई भी जारी है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी आकाश जोशी ने बताया कि भारत सरकार ने चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावितों को अपनी परिसंपत्तियां हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन कई लोगों ने अब तक ऐसा नहीं किया। इसलिए संयुक्त टीम की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई।
