गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के सरफरा नया टोला गांव में महावीरी मेला देखने गए 19 वर्षीय युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मुकेश सहनी के पुत्र रजनीश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि रजनीश अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव में आयोजित महावीरी मेला देखने गया था। इसी दौरान किसी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि, घटना को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। युवक की हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और युवक के दोस्तों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।