गोरखपुर महोत्सव का आयोजन 11 से 17 जनवरी 2027 तक रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क में किया जाएगा। इस बार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ-साथ रील, फोटोग्राफी, मूर्तिकला और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिनसे स्थानीय रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक की। इसमें जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

महोत्सव को पर्यटन, संस्कृति और इको टूरिज्म के विकास से जोड़ते हुए शहर की कला और प्रतिभाओं के प्रदर्शन का बड़ा मंच बनाने की तैयारी है। उप निदेशक पर्यटन को जनपद की लोक कलाओं और विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकारों को अधिक से अधिक अवसर देने के निर्देश दिए गए। आयोजन में शिल्प मेले के साथ बॉलीवुड कलाकारों के कार्यक्रम भी होंगे, जिससे स्थानीय हस्तशिल्प और कलाकारों को पहचान मिलने के साथ दर्शकों को मनोरंजन के विविध अवसर मिलेंगे।

महोत्सव में स्कूली बच्चों की प्रतिभाओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। माध्यमिक, उच्च माध्यमिक और उच्च शिक्षा स्तर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं होंगी। दिन में स्कूली बच्चों के बैंड और शहर के प्रतिष्ठित बैंड के बीच मुकाबला कराया जाएगा, साथ ही खेलकूद की प्रतियोगिताएं भी होंगी। मंडलायुक्त ने आयोजन के लिए गठित समितियों के सदस्यों को जिम्मेदारियां ठीक से समझने और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कठिनाई होने पर तत्काल अवगत कराया जाए और तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।