गोरखपुर जंक्शन पर शनिवार सुबह 03528 नंबर की गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल एक्सप्रेस से जाने वाले 30 से अधिक यात्रियों की ट्रेन छूट गई। यात्रियों ने आरोप लगाया कि स्पेशल ट्रेन के प्लेटफार्म को लेकर न तो उद्घोषणा की गई और न ही डिस्प्ले बोर्ड पर सूचना दिखाई गई। ड्यूटी पर तैनात उद्घोषक का कहना था कि उन्हें स्पेशल ट्रेन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी, इस कारण उद्घोषणा और डिस्प्ले समय पर नहीं हो सके।
जानकारों के अनुसार स्पेशल ट्रेन प्लेटफार्म नंबर छह से सुबह छह बजे निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन स्टेशन प्रबंधन की ओर से यात्रियों को समुचित जानकारी नहीं दी गई। इसके चलते आरक्षित कन्फर्म टिकट वाले यात्री स्टेशन पहुंचने के बाद भी समय से निर्धारित प्लेटफार्म तक नहीं पहुंच सके। ट्रेन को सामने से गुजरते देख यात्री प्लेटफार्म नंबर छह पर हंगामा करने लगे और प्रदर्शन करते हुए स्टेशन मास्टर के कमरे तक पहुंच गए, जिससे अफरातफरी मच गई। छोटे बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
मौके पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों को यात्रा कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ। यात्रियों की मुश्किलों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल को देवरिया स्टेशन पर रोक दिया और सभी यात्रियों को 15008 कृषक एक्सप्रेस से देवरिया तक भेजा। देवरिया में यात्रियों ने कृषक एक्सप्रेस से उतरकर स्पेशल ट्रेन में सवारी की और ट्रेन आसनसोल के लिए रवाना हुई, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इस बीच, गोरखपुर आ रही 12556 नंबर की गोरखधाम एक्सप्रेस की राह मालगाड़ियों ने रोक दी। शनिवार को चार घंटे देर से चल रही ट्रेन डोमिनगढ़ स्टेशन पर आकर डेढ़ घंटे खड़ी हो गई। मालगाड़ियों के चलते ट्रेन गोरखपुर जंक्शन पर प्रवेश नहीं कर पा रही थी और गोरखपुर में भी प्लेटफार्म खाली नहीं थे। ट्रेन के नहीं चलने से परेशान यात्रियों ने स्टेशन पर उतरकर हंगामा करना शुरू कर दिया। रेल लाइन और प्लेटफार्म खाली होने पर ट्रेन सुबह दस की जगह दोपहर बाद ढाई बजे प्लेटफार्म सात पर पहुंची, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस ट्रेन को बस्ती से गोरखपुर पहुंचने में ढाई घंटे लग गए।
