हरिद्वार के बहादराबाद में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 12 किलो प्रतिबंधित मांस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान मुबारिक निवासी मुस्तफाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है। पूछताछ में दो अन्य आरोपितों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल अमरजीत सिंह के अनुसार, सहदेवपुर-हलवाहेड़ी जाने वाले रास्ते पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान घोड़ेवाली की ओर से बाइक पर आ रहे युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने बाइक पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मुबारिक निवासी मुस्तफाबाद बताया।
बाइक पर रखे प्लास्टिक के बोरे की तलाशी में 12 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस बरामद हुआ। पूछताछ में मुबारिक ने बताया कि उसने इमरान और छोटन निवासी भारापुर के साथ जंगल में गोकशी कर मांस प्राप्त किया था और वह बाइक पर मांस बेचने जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मांस की जांच कराई और बाकी मांस को गड्ढे में दबवा दिया।
कोतवाल ने बताया कि तीनों आरोपितों के खिलाफ गो संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मुबारिक को जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथियों की तलाश की जा रही है।
