हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 की तिथि की घोषणा कर दी है। बोर्ड ने यह जानकारी अपनी आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in पर एक नोटिस जारी कर साझा की है। परीक्षा राज्य भर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 26 और 27 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

बोर्ड के अनुसार, 26 दिसंबर को लेवल III (PGT) की परीक्षा एक शिफ्ट में होगी, जिसका समय दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित है। 27 दिसंबर को परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट में लेवल II (TGT) का पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा, जबकि दूसरी शिफ्ट में लेवल I (PRT) का पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा।

परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया बोर्ड की ओर से इसी सप्ताह किसी भी दिन शुरू की जा सकती है। अभ्यर्थी तय तिथियों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। लेवल 1 (PRT) के लिए कक्षा 12 में कम से कम 50 प्रतिशत अंक और प्राथमिक शिक्षा में डिप्लोमा (डी.एल.एड.) आवश्यक है। लेवल 2 (TGT) के लिए डी.एल.एड. या बी.एड. के साथ स्नातक की डिग्री और लेवल 3 (PGT) के लिए बी.एड. के साथ स्नातकोत्तर की डिग्री होनी चाहिए।

हरियाणा के मूल निवासी नहीं होने वाले उम्मीदवार भी इस परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। भारत के किसी भी राज्य से आने वाले अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।