हरियाणा एनसीआर के चार जिलों—गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर—में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी हो रही है। पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने का काम तय समय सीमा बीत जाने के बाद अब शुरू हुआ है। इस नीति के तहत अपनी आयु पूरी कर चुके और बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) वाले वाहनों को ईंधन नहीं दिया जाएगा।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर डीजल के 10 साल और पेट्रोल के 15 साल पुराने वाहनों के परिचालन पर रोक के लिए उन्हें ईंधन न देने के निर्देश जारी किए गए थे। पहले चरण में इन चार जिलों के पंपों पर 600 एएनपीआर कैमरे लगाने की योजना थी। पहले एक नवंबर और बाद में 15 नवंबर तक काम पूरा करने की समयसीमा तय की गई थी, लेकिन अभी पंपों पर केवल 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' के बोर्ड ही लग सके हैं। दूसरी समयसीमा बीतने के बाद अब कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है और इसे पूरा होने में अभी 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।

कैमरे लगाने वाली कंपनी गोदावरी एडवांस टेक्नोलाजी प्रा. लि. के सीनियर मैनेजर एसपी शर्मा के अनुसार गुरुग्राम में 300, फरीदाबाद में 130, सोनीपत में 197 और झज्जर में 180 कैमरे लगाए जाएंगे। हर पंप पर एक कैमरा लगाया जाएगा, जो वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर स्पीकर के माध्यम से बताएगा कि वाहन अपनी आयु पूरी कर चुका है या उसके पास वैध पीयूसी है। कंपनी तीन साल तक सभी कैमरों का रखरखाव करेगी और निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है।

सोनीपत में बुधवार से कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है। पंपों पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट किया गया है कि बिना पीयूसी वाले वाहनों को तेल नहीं दिया जाएगा और पंप संचालकों को नीति का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। बिना पीयूसी वाले वाहन को ईंधन देने पर 10 हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। खाद्य आपूर्ति मामलों के नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि कैमरे लगाने में देरी का कारण टेंडर में देरी और त्योहारी सीजन माना जा रहा है तथा कंपनी को जल्द काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी सुभाष चंद्र के अनुसार कैमरे लगने के बाद परिवहन विभाग निगरानी करेगा कि पंपों पर नीति का सही पालन हो रहा है या नहीं और लापरवाही बरतने पर जुर्माने का प्रावधान है।