हरियाणा के सेवानिवृत्त कर्मचारी अब अपनी पेंशन पुनरीक्षण फाइल की दैनिक प्रगति और मौजूदा स्थिति घर बैठे ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ओडीएमएस) पोर्टल पर देख सकेंगे। यह सुविधा प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), हरियाणा के चंडीगढ़ स्थित कार्यालय ने उपलब्ध कराई है। पेंशनरों को फाइल का अपडेट लेने के लिए अब बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

पोर्टल पर जानकारी देखने के लिए पीपीओ नंबर या फाइल आईडी से लॉग इन करना होगा। इसके जरिए पेंशनर प्रकरण की रोजाना प्रगति, वर्तमान स्थिति और जारी प्राधिकार पत्र का विवरण देख सकेंगे। सहायता के लिए 0172-3503960 और 0172-2613211 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। यह जानकारी सेक्टर तीन निवासी उमेद सिंह खत्री की शिकायत और सूचना मांगने के जवाब में दी गई।

प्रधान महालेखाकार कार्यालय के अनुसार, 10 मार्च से 30 सितंबर 2026 तक नोशनल इंक्रीमेंट के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण के 2644 मामलों पर कार्रवाई की गई है। पूरे दस्तावेजों के साथ मिले मामलों पर कार्रवाई हो चुकी है, जबकि अधूरे दस्तावेज वाले प्रकरण संबंधित पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी (पीएसए) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को लौटाए गए हैं। उनसे जरूरी दस्तावेज पूरे कर मामले दोबारा भेजने को कहा गया है। कार्यालय का दावा है कि पेंशन मामलों का निपटान नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के नागरिक अधिकार-पत्र में तय 30 दिन की समय-सीमा में किया जाता है।

उमेद सिंह खत्री ने 30 सितंबर को मुख्यालय में आवेदन देकर पहले मिले जवाब पर असंतोष जताया था। उनका कहना था कि विभिन्न शाखाओं से जानकारी जुटाकर व्यापक रिपोर्ट दी जा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। नोशनल इंक्रीमेंट यानी काल्पनिक वेतन वृद्धि का लाभ उन कर्मचारियों को पेंशन निर्धारण में दिया जाता है, जो एक जुलाई को वार्षिक वेतन वृद्धि के पात्र होते हैं, लेकिन 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे पेंशन की गणना बढ़े हुए वेतन के आधार पर हो सकती है। सरकार ने इस संबंध में 16 सितंबर 2025 को आदेश जारी किए थे।