यमन के हूती लड़ाकों ने बुधवार को सऊदी अरब की सबसे बड़ी रास तानुरा ऑयल रिफाइनरी पर मिसाइल हमला करके उसे भारी नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। नासा के सेटेलाइट से लिए गए फोटो के अनुसार रिफाइनरी के आसपास के 600 वर्ग किलोमीटर के आकाशीय क्षेत्र पर घना काला धुंआ छा गया है। हूती की सैन्य शाखा के प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा है कि हमले में रिफाइनरी को भारी नुकसान हुआ है और उसमें आग लग गई है।

सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम के प्रवक्ता ने कहा है कि रास तानुरा के आकाश के नजदीक हूती के चार हमलावर ड्रोन नष्ट किए गए हैं, लेकिन रिफाइनरी पर हमले के बारे में कुछ नहीं कहा है। रिफाइनरी को संचालित करने वाली दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको ने भी हमले को लेकर कुछ नहीं कहा है। समुद्री किनारे के नजदीक स्थित इस रिफाइनरी की प्रतिदिन साढ़े पांच लाख बैरल कच्चा तेल शोधित करने की क्षमता है और इसका ज्यादातर उत्पादन निर्यात होता है।

हूती के इस हमले के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में उछाल आया है और वह 82 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया है। हूती ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को फिर से निशाना बनाने का दावा किया है। हूती प्रवक्ता के अनुसार रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर तीन बार हमला किया गया है। सऊदी अरब ने भी माना था कि मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट पर हुए हमले में 11 लोग घायल हुए थे, जिनमें दो भारतीय नागरिक शामिल थे। यहां स्थित 80 मंजिला इमारत में कई कंपनियों के मुख्यालय हैं, और हूती ने इसी इमारत पर बुधवार को भी हमला किया। इससे पहले 19 नवंबर को भी इसी इमारत पर हमला हुआ था।

इसके अतिरिक्त यमन में लड़ाई सऊदी अरब समर्थित सरकार की राजधानी अदन के और करीब पहुंच गई है। जमीनी लड़ाई में सरकारी सेना को धकेलते हुए हूती लड़ाके अदन की ओर बढ़ रहे हैं। इन हमलों के बीच लाल सागर के जरिये सऊदी अरब के तेल निर्यात पर लगी हूती की रोक और होर्मुज स्ट्रेट बाधित होने से तेल निर्यात को लेकर बनी स्थिति पर 29 नवंबर को होने वाली ओपेक प्लस की बैठक में विचार होगा।