हंगरी के पश्चिमी शहर सोम्बाथेली में एक बिजली सबस्टेशन के पास 2023 से 2025 के बीच हुई खुदाई के दौरान चांदी के करीब 200 सिक्कों का खजाना मिला है। ये सिक्के एक मटकी में रखे थे, जिनका वजन करीब दो किलोग्राम है और उम्र 2000 साल से अधिक बताई जा रही है। एनर्जी कंपनी ई.ओएन हंगरी ने हाल ही में इस खजाने का खुलासा किया है।

हंगरी के राष्ट्रीय पुरातत्व संस्थान के अनुसार, पिछले 50 वर्षों में यह सबसे बड़ा खजाना है। इससे पहले ऐसा खजाना यहां 1960 में मिला था। खास बात यह है कि ये सिक्के जमीन में सिर्फ 40 सेंटीमीटर की गहराई पर दफन थे, फिर भी किसी को इनका पता नहीं चला। इन सिक्कों की कीमत करीब 2000 डॉलर आंकी जा रही है, लेकिन प्राचीन होने के कारण इनकी बाजार में कीमत इससे कहीं ज्यादा मानी जा रही है।

बताया जा रहा है कि ये सिक्के ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी के उत्तरार्ध से ईसा पूर्व पहली शताब्दी के प्रारंभ के बीच बनाए गए थे, यानी करीब 2,126 से 2,176 साल पुराने हैं। ये प्राचीन यूनानी चांदी के सिक्कों जैसे बनाए गए थे और हंगरी के एक विशेष सेल्टिक समुदाय से संबंधित माने जा रहे हैं। हर सिक्के के एक तरफ ग्रीक देवता अपोलो की आकृति बनी है, जबकि दूसरी तरफ घुड़सवार की आकृति है।

यह खजाना किसने और क्यों दफन किया था, इसकी जांच की जानी जरूरी बताई जा रही है। फिलहाल इसका 2000 साल पुराना इतिहास और इससे जुड़ा रहस्य सबको रोमांचित कर रहा है।