इस्लामाबाद: पाकिस्तान के स्पेस सेक्टर के लिए यह हफ्ता खास रहा है। पहली बार एक पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट जीशान अली स्पेस में गया है। जीशान चीन के शेनझोउ 24 स्पेस मिशन के दल का हिस्सा है। चीन का यह कदम चौंकाने वाला नहीं है क्योंकि दोनों देश कई क्षेत्रों के साथ-साथ स्पेस में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं। हालांकि इसी हफ्ते रूस के एक बयान ने ध्यान खींचा है।

रूस के एनर्जी मिनिस्टर सर्गेई त्सेत्लोव ने कहा है कि उनका देश पाकिस्तान के साथ स्पेस टेक्नोलॉजी साझा करने को तैयार है। त्सेत्लोव ने बुधवार को मॉस्को में पाकिस्तान और रूस के बीच ट्रेड, इकोनॉमिक, साइंटिफिक और टेक्निकल कोऑपरेशन पर इंटरगवर्नमेंटल कमीशन की 11वीं मीटिंग में यह बात कही। उन्होंने कहा कि रूस एक बड़ी स्पेस पावर है और उसके पास स्पेस एक्सप्लोरेशन का यूनिक अनुभव, मजबूत साइंटिफिक और टेक्नोलॉजिकल आधार तथा काफी संख्या में एक्सपर्ट हैं। रूस चीन और अमेरिका के अलावा ऐसा देश है जिसने इंसानों को स्पेस में भेजा है। 1961 में सोवियत यूनियन के यूरी गगारिन स्पेस में जाने वाले पहले इंसान बने थे।

कई एक्सपर्ट रूस के इस ऑफर को भारत के लिए मैसेज के तौर पर भी देख रहे हैं। COMSATS के कार्यकारी निदेशक डॉक्टर इश्तियाक अहमद का कहना है कि रूस पाकिस्तान के साथ संबंध मजबूत करने में दिलचस्पी क्यों ले रहा है, इसे समझने की जरूरत है। उनके मुताबिक, अमेरिका ने बीते दशकों में भारत को चीन का मुकाबला करने के लिए तैयार किया है और 1990 के दशक के आखिर से अमेरिका-भारत रणनीतिक संबंधों को लेकर रूस नाराज रहा है। अहमद के अनुसार, रूस भारत के क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से बेहतर संबंध बनाकर दिल्ली को मैसेज भेज रहा है।

डिफेंस एनालिस्ट सैयद मोहम्मद अली का कहना है कि स्पेस प्रोग्राम के इतिहास में रूस और अमेरिका सबसे आगे रहे हैं, जबकि अब चीन और यूरोपियन यूनियन भी बराबरी की कोशिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, पाकिस्तान स्पेस टेक्नोलॉजी के लिए काफी हद तक चीन पर निर्भर रहा है। रूस के साथ सहयोग बढ़ने पर टेक्नोलॉजी हासिल करने, जॉइंट प्रोजेक्ट्स, सैटेलाइट लॉन्च, नेविगेशन, डेटा शेयरिंग, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर के कई रास्ते इस्लामाबाद के लिए खुल सकते हैं।