न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की 'प्राकृतिक संसाधन और संघर्ष' विषय पर हुई बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हारिश परवथनेनी ने पाकिस्तान के दुष्प्रचार का जवाब दिया। उन्होंने बलूचिस्तान और खैबर प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों को सेना द्वारा लूटे जाने के दावे के समर्थन में सबूत पेश करने की बात कही।

भारतीय दूत ने कहा कि भारत का इरादा इस मंच पर अन्य मुद्दे लाने का नहीं था, लेकिन पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के बयान के कारण उनके दल को जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी दल ने इस चर्चा का इस्तेमाल अपने दुष्प्रचार को आगे बढ़ाने के लिए किया। सिंधु जल संधि पर भारत का रुख स्पष्ट और सतत बना हुआ है, ऐसा उन्होंने कहा।

हारिश परवथनेनी ने व्हाइट हाउस में ली गई उस तस्वीर की ओर इशारा किया, जिसमें पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर कथित तौर पर डोनाल्ड ट्रंप को बलूचिस्तान की खानों से निकाले गए खनिज पत्थरों से भरा लकड़ी का बक्सा दिखा रहे हैं। उस मौके पर शहबाज शरीफ भी मौजूद थे। पाकिस्तान की ओर से दावा किया गया था कि ये रेयर अर्थ के नमूने हैं। विश्लेषकों का कहना था कि अमेरिकी निवेश को आकर्षित करने के लिए असीम मुनीर ने रेयर अर्थ का लालच दिया, क्योंकि अमेरिका चीन के रेयर अर्थ निर्यात प्रतिबंधों से परेशान है और विकल्प तलाश रहा है।

भारतीय दूत ने कहा कि पिछले सितंबर महीने में पाकिस्तान के आर्मी चीफ को विदेशी नेताओं के साथ खनिज पत्थरों से भरा बक्सा दिखाते देखा गया था, और माना जाता है कि इसी वजह से पाकिस्तान में हाल ही में एक प्रांत की सरकार बर्खास्त कर आपातकाल लगाया गया। अक्टूबर में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल लगाकर वहां की चुनी हुई सरकार हटा दी गई थी, जहां इमरान खान की पार्टी पीटीआई की सरकार थी। हारिश ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना प्राकृतिक संसाधनों से भरे प्रांतों में अपना कब्जा मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जनता का भला तभी होगा जब सेना देश के संसाधनों का इस्तेमाल जनता के फायदे के लिए करे और पड़ोसियों के खिलाफ लड़ाई भड़काना बंद करे।