पटियाला बाईपास के पास चंडीगढ़-बठिंडा मुख्य मार्ग पर भाखड़ा नहर का लोहे का पुल सोमवार सुबह टूट गया। हादसे में पुल से गुजर रहे तीन ट्रक चपेट में आए। दो ट्रक टूटे हिस्से में फंस गए, जबकि एक ट्रक निकलने में सफल रहा। फंसे ट्रकों में से एक में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बाल-बाल बचे ट्रक ड्राइवर राजवीर ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे हादसा हुआ, जब ट्रक एक के पीछे एक जा रहे थे। उनके ट्रक का पिछला हिस्सा टूटे पुल में फंस गया और पीछे वाला ट्रक भी उसमें फंस गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुल की हालत पहले से खस्ता थी और ट्रक निकलने पर वह हिलता था, लेकिन मरम्मत की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव दल तुरंत भेजे गए और पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना थी कि कोई हताहत या घायल न हो।

डीसी हिमांशु जैन ने चेतावनी दी कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनदेखी पाई जाती है तो दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।