सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर को PUC सर्टिफिकेट की वैधता से जुड़े संशोधित नियमों को अधिसूचित किया है। ये बदलाव सेंट्रल मोटर व्हीक्ल्स नियम, 2026 के तहत किए गए हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत आते हैं और आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशन के साथ प्रभावी हो गए हैं। नियमों का उद्देश्य उत्सर्जन मानक और वाहन की उम्र के आधार पर PUC सर्टिफिकेट की वैधता तय करना है।

नई व्यवस्था के अनुसार छह साल से कम पुराने BS-6 निजी वाहनों का PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक मान्य रहेगा, जिससे ऐसे वाहन मालिकों को बार-बार सेंटर जाकर सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। छह से 10 साल पुराने BS-6 निजी वाहनों को हर साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।

कमर्शियल वाहनों के लिए अलग व्यवस्था रखी गई है। छह साल तक पुराने BS-6 परिवहन वाहनों को हर दो साल, छह से 10 साल पुराने वाहनों को हर साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों में BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों का सर्टिफिकेट तीन महीने और BS-4 वाहनों का छह महीने तक वैध रहेगा।

अधिसूचना में रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी व्यवस्था स्पष्ट की गई है। एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट पुरानी एक्सपायरी डेट से प्रभावी होगा, जबकि एक्सपायरी के बाद रिन्यूअल कराने पर नया सर्टिफिकेट जारी होने की तारीख से प्रभावी होगा। संशोधित नियम लागू होने से पहले जारी पुराने PUC सर्टिफिकेट पर नई वैधता तत्काल लागू नहीं होगी; पहली बार रिन्यू कराने पर नई अवधि लागू होगी।