भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश के लिए होने वाली जेईई एडवांस 2027 की शैक्षणिक पात्रता के नियम स्पष्ट कर दिए गए हैं। परीक्षा में बैठने के लिए अभ्यर्थी का पहली बार 2026 या 2027 में 12वीं या समकक्ष परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। 12वीं में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और गणित अनिवार्य विषय होने चाहिए। जो छात्र 2025 या उससे पहले पहली बार 12वीं की परीक्षा में बैठ चुके हैं, वे जेईई एडवांस 2027 के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे। विषयों की संख्या या संयोजन को लेकर किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।
बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की परिभाषा के अनुसार, यदि संबंधित बोर्ड ने उस वर्ष का परिणाम घोषित कर दिया है तो छात्र की उपस्थिति मानी जाएगी, चाहे परीक्षा हुई हो या नहीं। परिणाम रोके जाने की स्थिति में भी छात्र को परीक्षा में शामिल माना जाएगा। छात्रों के हित में एक विशेष अपवाद भी रखा गया है—यदि किसी बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2024-25 के 12वीं के परिणाम 12 जून 2025 को या उसके बाद घोषित किए हैं, तो उस बोर्ड से 2025 में परीक्षा देने वाले छात्र भी जेईई एडवांस 2027 में बैठ सकेंगे, बशर्ते वे अन्य सभी पात्रता शर्तें पूरी करें।
पूर्व दाखिले से जुड़े नियमों के मुताबिक, जो अभ्यर्थी जोसा 2026 के बिजनेस रूल्स के तहत किसी भी आईआईटी या आईआईएससी के किसी शैक्षणिक पाठ्यक्रम में पहले प्रवेश ले चुके हैं, वे 2027 की परीक्षा के लिए अपात्र होंगे। यह नियम तब भी लागू होगा जब छात्र ने ऑनलाइन या रिपोर्टिंग सेंटर पर जाकर सीट स्वीकार कर ली हो, भले ही उसने बाद में पढ़ाई जारी न रखी हो। इसके अलावा आईआईटी या आईआईएससी में प्रवेश लेने के बाद किसी भी कारण से जिनका दाखिला रद हुआ है, वे भी परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे।
कुछ विशेष परिस्थितियों में छात्रों को राहत दी गई है। 2026 में पहली बार किसी आईआईटी या आईआईएससी के प्रिपरेटरी कोर्स में दाखिला लेने वाले छात्र 2027 की परीक्षा दे सकेंगे। जिन्हें जोसा के माध्यम से सीट आवंटित हुई थी, लेकिन उन्होंने ऑनलाइन रिपोर्ट नहीं किया, सीट आवंटन के अंतिम दौर से पहले नाम वापस ले लिया, या अंतिम दौर से पहले किसी कारणवश उनकी सीट रद हो गई, वे भी परीक्षा के लिए पात्र होंगे।
