ओडिशा के पुरी की रहने वाली सुप्रीति महापात्रा ने गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट से ऑटोमोबाइल कोर्स में दो साल का आईटीआई कोर्स पूरा करते हुए कुल 1200 में से 1194 अंक हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता ऑटो चालक हैं। इस उपलब्धि के लिए 22 नवंबर को उत्तर प्रदेश में होने वाले एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें सम्मानित करेंगे। परिवार में इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है।

बता दें कि सुप्रीति ने आईटीआई कोर्स से पहले संस्कृत आचार्य विषय में स्नातकोत्तर किया था और वह इस विषय में गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रपति से भी अवॉर्ड मिला था। सुप्रीति एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। स्नातकोत्तर पूरा करने के बाद कोरोना महामारी आई, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई और उन्हें एक साल तक अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी।

इस दौरान उनके भाई ने वेल्डर ट्रेड में एक साल का सर्टिफिकेट कोर्स किया और उन्हें तुरंत नौकरी मिल गई। भाई की इस सफलता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर सुप्रीति ने आईटीआई करने का फैसला किया। आईटीआई में टॉप करने के बाद वह असिस्टेंट ट्रेनिंग ऑफिसर बनकर आईटीआई स्टूडेंट को प्रशिक्षण देना चाहती हैं।

मीडिया में दिए इंटरव्यू में सुप्रीति ने कहा कि टेक्निकल क्षेत्र केवल लड़कों के लिए है, यह एक पुरानी धारणा है। उन्होंने कहा कि आजकल टेक्निकल क्षेत्र में एडवांस टेक्नोलॉजी का प्रयोग हो रहा है और इसमें लड़कियों के लिए भी बेहतर अवसर मौजूद हैं और लड़कियां भी इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर सकती हैं।