चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (सीएलडब्ल्यू) में बुधवार को काम के दौरान एक गंभीर हादसा हुआ। कारखाने के 16 नंबर शॉप में कार्यरत रेलकर्मी रिंकू यादव (45) के सिर पर रेल इंजन का एक भारी हिस्सा अचानक खुलकर गिर पड़ा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के तुरंत बाद घायल कर्मी को उपचार के लिए चित्तरंजन स्थित कस्तूरबा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर जांच के लिए उन्हें नेमतपुर स्थित आविष्कार डायग्नोस्टिक सेंटर ले जाया गया, जहां आवश्यक परीक्षण कराने के बाद उन्हें दोबारा कस्तूरबा गांधी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल घायल रेलकर्मी खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है।

इस घटना ने कारखाने में कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के पीछे रेल इंजन के संबंधित हिस्से की वेल्डिंग की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि कमजोर वेल्डिंग या काम में तकनीकी लापरवाही के कारण भारी हिस्सा अपनी जगह से अलग होकर कर्मचारी के सिर पर गिरा।

भारी उपकरणों और मशीनों के बीच काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए यह घटना कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, तकनीकी गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जरूरत को रेखांकित करती है। घटना के बाद कर्मचारियों में चिंता का माहौल है। जरूरत है कि हादसे के वास्तविक कारणों की तकनीकी जांच कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।