प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (FICCI) के शताब्दी अधिवेशन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों से सवाल किया कि सरकार द्वारा 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर दी गई इनकम टैक्स छूट का फायदा उन्होंने अपने कर्मचारियों तक पहुंचाया है या नहीं। पीएम मोदी ने कंपनियों से अपील की कि वे टैक्स कटौती का लाभ वेतन बढ़ाने और नई नौकरियां पैदा करने में लगाएं।
कार्यक्रम में मौजूद उद्योगपतियों से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने याद दिलाया कि 2014 में देश में बेसिक कॉरपोरेट टैक्स की दर 30 प्रतिशत थी, जिसे उनकी सरकार ने घटाकर 22 प्रतिशत कर दिया। उन्होंने बताया कि आज देश में 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर कोई इनकम टैक्स नहीं लगता। हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने पूछा कि क्या कंपनियों ने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या नई भर्तियां कीं, या सब कुछ इसी तरह चलेगा कि मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे। उनकी इस बात पर सभागार में मौजूद लोग हंस पड़े।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने साहस दिखाकर इनकम टैक्स में इतनी बड़ी राहत दी, जिससे आम लोगों की क्रय शक्ति में काफी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत को इसकी सराहना करनी चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पहले टैक्स रिफंड की चिट्ठी आने में आठ महीने लग जाते थे, लेकिन अब एक हफ्ते के भीतर रिटर्न प्रोसेस हो जाता है।
