जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार शाम करीब चार बजे एक फूड स्टाल में अचानक आग लग गई। पार्सल विभाग के पास कटनी छोर पर स्थित इस स्टाल से उठी लपटों और काले धुएं से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैली और प्लेटफॉर्म के शेड तक उसकी चपेट में आ गया।

घटना के समय प्लेटफॉर्म पर खड़ी पार्सल लगेज वैन में सामान लोड और अनलोड किया जा रहा था। आग फैलने से आसपास रखे कुछ पार्सल भी प्रभावित हुए और उनके क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। घटना में फूड स्टाल का सामान जल गया। धुआं फैलते ही लोग जान बचाने के लिए घटनास्थल से दूर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने की कोशिश शुरू की और सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंच गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।