देहरादून के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में परंपरागत बूढ़ी दिवाली की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शिलगांव खत के ऐठान गांव में 26 साल बाद यह लोक उत्सव 6 से 10 दिसंबर तक मनाया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह आयोजन शिरगुल महाराज की प्रवास यात्रा के बाद हो रहा है। खेती-बाड़ी का काम निपटने के बाद मनाए जाने वाले इस उत्सव को लोग प्रदूषण रहित और इको फ्रेंडली पहाड़ी दिवाली कहते हैं।

जौनसार बावर की 30 खतों से जुड़े करीब दो सौ गांवों में बूढ़ी दिवाली की परंपरा है। इनमें शिलगांव, विशायल, बाना, अठगांव, समाल्टा, मंजियारना-उदपाल्टा, कोरु, उपलगांव, कोटा-तपलाड़, बोंदूर, बणगांव, लखवाड़, बहलाड़, बमटाड, सिली गोथान, पंजगांव, सिलगांव, शैली और मोहना आदि शामिल हैं। क्षेत्र की नौ खतों से जुड़े सौ से अधिक गांवों में एक माह पहले नई दिवाली मनाई जा चुकी है। जनजातीय समाज के लोग देशभर में दीपावली के ठीक एक माह बाद पहाड़ी संस्कृति के अनुसार यह उत्सव मनाते हैं।

ऐठान गांव में 25 जून 2026 को शिरगुल महाराज की पवित्र बरवांश यात्रा से देवता के प्रवास पर विराजमान होने की खुशी में खतवासी 26 वर्ष बाद बूढ़ी दिवाली मनाएंगे। उत्सव के पहले दिन लोग ढोल-बाजे के साथ छोटी दिवाली मनाते हैं। औंसा रात को बड़ी दिवाली में आसपास के कई गांवों के लोग सामूहिक रूप से मशालें लेकर होलियात निकालते हैं। परंपरा के अनुसार पहले दिन नैंदरी होलियात, दूसरे दिन बड़ी होलियात, तीसरे दिन बिरुड़ी और चौथे दिन जंदोई मेले में काठ का हाथी व हिरण नृत्य के साथ उत्सव का समापन होगा।

स्थानीय लोग रात में भोजन के बाद चीड़ और बिमल लकड़ी से बनी मशालें जलाकर ढोल-बाजे के साथ मंदिर परिसर और पंचायती आंगन में एकत्र होते हैं। पुरुष और महिलाएं अलग-अलग टोली में हारुल और तांदी नृत्य से देवता की स्तुति करते हैं। बोंदूर खत के सदर स्याणा रजनेश पंवार, कोटा तपलाड़ के खत स्याणा विजयपाल तोमर, जोगियो के स्याणा संदीप चौहान, शिलगांव खत के स्याणा महेंद्र सिंह चौहान, तरुण संघ खत लखवाड़ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, फरटाड़ खत निवासी संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, रंगकर्मी नंदलाल भारती, भाटगढ़ी के पूर्व प्रधान लायकराम शर्मा, स्याणा मनीष चौहान, स्याणा फतेह सिंह चौहान, स्याणा हरक सिंह, स्याणा जयपाल चौहान और पूर्व प्रधान केशरदास आदि ने कहा कि बूढ़ी दिवाली का सांस्कृतिक रूप से विशेष महत्व है। उनके अनुसार इस उत्सव से नई पीढ़ी को पुरातन संस्कृति को जानने और समझने का अवसर मिलता है, जिससे जनजाति समाज की सांस्कृतिक विरासत भविष्य में जीवित रह सके।