भगवान राम पर जावेद अख्तर के बयान पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने अख्तर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भगवान राम इस देश में आस्था के प्रतीक हैं और मुसलमान भी उनका विरोध नहीं करते। उन्होंने कहा कि राम के लिए पूरी दुनिया में सम्मान है और होना भी चाहिए।

दलवई ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि भगवान राम ने लोगों को कुछ मूल्य सिखाए। हिंदू मुख्य रूप से उनका सम्मान करते हैं, लेकिन मुसलमान भी उनका विरोध नहीं करते। गौरतलब है कि गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को लेकर कहा था कि राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक आदर्श, एक नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो।

इस बीच, अख्तर के बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIAA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने निशाना साधा था। उन्होंने अख्तर को बिजनेसमैन बताते हुए कहा था कि जो व्यक्ति खुद को नास्तिक बताता है, वह राम में इतनी आस्था क्यों दिखा रहा है। रशीदी ने कहा था कि अख्तर को अपना नाम बदलकर रामपाल रख लेना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि अख्तर अपने और अपनी बेटी के फिल्मी कामों को प्रमोट करने के लिए ऐसी बातें कर रहे हैं।