कोहरे और धुंध के कारण रेलवे के अंबाला मंडल ने सर्दियों के लिए ट्रेनों के संचालन में बदलाव का शेड्यूल जारी किया है। इसके तहत कालका से माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेनें 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेंगी। चंडीगढ़ से चलने वाली करीब 20 अन्य ट्रेनें भी फरवरी तक प्रभावित रहेंगी।

रेलवे के अंबाला मंडल के अनुसार, कोहरे के कारण ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद रहेंगी, जबकि कुछ का संचालन निर्धारित स्टेशनों तक ही किया जाएगा।

जारी शेड्यूल के मुताबिक, माता वैष्णो देवी कटड़ा से कालका के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 14504 हर बुधवार और शनिवार को संचालित होती है। यह ट्रेन 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक रद रहेगी। इसी तरह कालका से कटरा जाने वाली ट्रेन हर मंगलवार और शुक्रवार को चलती है, जिसका संचालन 1 दिसंबर से 26 फरवरी तक बंद रहेगा। इसके अलावा चंडीगढ़ से चलने वाली करीब 20 अन्य ट्रेनों को भी फरवरी तक रद करने का शेड्यूल जारी किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कोहरे की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन का स्टेटस और समय-सारणी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।