हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ में उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नकली दवाएं बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद एसटीएफ ने राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित इस इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई में हसीन, वसीम और मुन्ना उर्फ मोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मौके से भारी मात्रा में नकली दवाएं और इनके निर्माण, पैकिंग व छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और उपकरण बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस इकाई में नामी कंपनियों की महंगी और बाजार में अधिक मांग वाली दवाओं की नकल चने के भूसे और पाउडर से तैयार की जा रही थी। ब्रांडेड नाम और पैकेजिंग का इस्तेमाल कर इन दवाओं को बाजार में खपाने की तैयारी थी। एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, यहां प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र संबंधी बीमारियों और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की नकल बनाई जा रही थी। इनमें पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल, सी-एजेड, ए-सिपेक्स-625 और न्यूरो-300 शामिल हैं। जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लेवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 सहित अन्य दवाओं से संबंधित सामग्री भी बरामद हुई है। इनकी गुणवत्ता और प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
एसटीएफ की टीम को मौके से ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने की मशीन और वजन मापने वाले उपकरण मिले हैं। दवाओं के नाम और ब्रांड की छपाई के लिए तैयार फॉइल तथा स्टीरियो प्रिंटिंग उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इससे स्पष्ट होता है कि यहां केवल नकली दवाएं तैयार ही नहीं की जा रही थीं, बल्कि उनकी पैकिंग और ब्रांडेड कंपनियों के नाम से बाजार में उतारने की व्यवस्था भी मौजूद थी।
जांच एजेंसियां अब इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि नालागढ़ में तैयार की जा रही नकली दवाओं की सप्लाई किन राज्यों, शहरों और दवा कारोबारियों तक की जा रही थी। इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में अवैध दवा निर्माण और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
