संभल स्थित कल्कि धाम के पीठाधीश्वर जगद्गुरु आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उत्तर प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थिति पर बयान दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की राजनीति में आए बदलाव को वर्तमान समय से जोड़ा। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि देश में अब भगवान राम और श्रीकृष्ण के विरोध वाली राजनीति नहीं चलेगी और अखिलेश यादव को यह समझ में आ गया है।

कल्कि पीठाधीश्वर ने यूपी चुनाव 2027 की राजनीति पर कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष की समझ में धीरे-धीरे आ रहा है कि राम और कृष्ण का विरोध करने वाला अब इस देश में राजनीति नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान के खिलाफ बात करने वालों और रामचरितमानस के पन्ने फाड़ने वालों की राजनीति देश में नहीं चलेगी। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि अगर सत्ता के सिंहासन तक पहुंचना है तो राम की शरण में आना पड़ेगा, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को मंदिर कहना पड़ेगा और श्री कल्कि धाम में माथा टेकना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अभी सपा अध्यक्ष का कल्कि धाम आना बाकी है।

दरअसल, हाल के समय में अखिलेश यादव ने साफ्ट हिंदुत्व की राह पकड़ी है। इटावा में वे केदारेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण करा रहे हैं। वहीं, 12 दिसंबर को सपा अध्यक्ष ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जाने का ऐलान किया है। यूपी चुनाव 2027 की राजनीति के बीच इस ऐलान ने हिंदुत्व वोट बैंक की राजनीति को गरमा दिया है। यूपी भाजपा ने प्रदेश स्तरीय बैठक में मथुरा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को गरमाकर हिंदुत्व की राजनीति को अलग स्तर पर पहुंचा दिया है। भाजपा नेता सपा अध्यक्ष को मथुरा चलने का आह्वान कर रहे हैं।

इस बीच श्री कल्कि महोत्सव को लेकर संभल में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन 11 से 17 दिसंबर तक होने जा रहा है। श्री कल्कि महोत्सव को लेकर प्रचार रथ रवाना किया गया है। इस मौके पर आचार्य कृष्णम ने कहा कि महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण, राष्ट्र निर्माण और विश्व कल्याण का महायज्ञ है।