कानपुर के महाराजपुर रूमा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित निकोलस पिगमेंट एंड इंक फैक्ट्री में मंगलवार रात करीब 8:50 बजे आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल भरे ड्रमों के फटने से पांच किलोमीटर दूर तक धमाकों की आवाज सुनाई दी और करीब एक किलोमीटर तक लपटें व धुएं का गुबार दिखा। सिविल लाइंस निवासी कृतिका त्यागी और उनकी मां अनुराधा त्यागी की यह फैक्ट्री है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग पहले फैक्ट्री के अगले हिस्से में शॉर्ट सर्किट से लगी और फिर केमिकल के ड्रमों तक फैल गई।
आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन बगल में स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआइटी) के गर्ल्स हॉस्टल को खाली कराया गया और छात्राओं को फार्मेसी विभाग में भेज दिया गया। आसपास की 20 फैक्ट्रियों तक आग पहुंचने की आशंका पर उन्हें बंद कराकर मजदूरों व सामान को हटाया गया। जिले भर के फायर स्टेशनों से 15 दमकल गाड़ियां और जवान आग बुझाने में जुटे रहे। दमकल कर्मियों ने देर रात करीब एक बजे आग पर काबू पा लिया था, लेकिन फैक्ट्री लगभग 75 प्रतिशत तक जल चुकी थी।
बुधवार सुबह फैक्ट्री के पिछले हिस्से में मलबे के बीच आग फिर भड़क उठी और केमिकल भरे लोहे के टैंक में रिसाव से उसमें भी आग लग गई। केमिकल की वजह से आग बुझने के बजाय और भड़कती रही, जिसके बाद जवानों ने पानी के सहारे करीब 500 लीटर फोम डालकर आग पर काफी हद तक काबू पाया। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड पनकी कानपुर से सीआइएसएफ की टीम ड्राई केमिकल पाउडर (डीसीपी) टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर (एडब्ल्यूटी) हाईटेक अग्निशमन गाड़ी भी बुलाई गई। बुधवार सुबह से दोपहर एक बजे तक दमकल की 10 गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि केमिकल भरे ड्रमों में लगातार हो रहे विस्फोट के चलते राहत व बचाव कार्य में परेशानी आई। ड्रमों के तेज धमाकों से दमकल टीमों को पीछे हटना पड़ा और गाड़ियां फैक्ट्री के अंदर तक नहीं पहुंच पाईं, इसलिए बगल की फैक्ट्रियों की छतों से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। हास्टल में रहने वाले अलग-अलग जिलों के छात्र-छात्राओं ने आग की सूचना अपने स्वजन को दी, जिसके बाद परिजन फोन करके उनका हालचाल लेते रहे।
