बिहार के कटिहार जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि पोठिया थाना क्षेत्र के समेली एनएच 31 पर बखरी मोड़ के पास ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए समेली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा पुलिस को सूचना दी।
मृतकों की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), भीम कुमार साह (35 वर्ष) और बाजो कुमार साह (32 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान मनीष कुमार साह (24 वर्ष) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सभी युवक विष्णुचक गांव के रहने वाले हैं। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने ट्रक, ट्रैक्टर और टेंपो को जब्त कर लिया है।
घटनास्थल पर पोठिया थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई श्रीराम सिंह, एसआई राधेश्याम कुमार सहित बिहार पुलिस के जवान मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
