अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन की शादी चर्चा में है। ग्रीस में 11 नवंबर को विवाह के बाद अब शनिवार 21 नवंबर को चेन्नई में भव्य प्रीतिभोज होना है। इससे पहले 34 वर्षीय दुल्हनिया ने अपने कर्मचारियों को सोने की अंगूठियां बांटी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद की CEO और सन ग्रुप की कार्यकारी निदेशक काव्या मारन के इस कदम ने सबका दिल जीत लिया है। वीडियो में बिजनेसवुमन की ओर से कर्मचारियों को चॉकलेट और एक लंच पार्टी की इन्वाइट के साथ सोने की अंगूठियां उपहार में दी गई हैं।

इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में सन ग्रुप के कर्मचारी काव्या मारन की तरफ से मिले गिफ्ट बॉक्स को खोलते हुए दिख रहे हैं। इसमें निमंत्रण कार्ड, चॉकलेट और सोने की अंगूठियां हैं। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट X पर ये वीडियो अब वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कर्मचारी भी इस तरह के गिफ्ट को पाकर हैरान हैं। उसे यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि उसे सोने के सिक्कों की उम्मीद थी, लेकिन डिब्बों में सोने की अंगूठियां देखकर वह बहुत खुश और दंग है।

अरबपति बिजनसमैन और सन ग्रुप के डायरेक्टर कलानिधी मारन की बेटी काव्या की ओर से जो गिफ्ट बॉक्स दिया गया है, उसमें 25 नवंबर को एक लंच पार्टी का जिक्र है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि यह पार्टी सिर्फ सन ग्रुप के कर्मचारियों के लिए है या इसमें कोई और भी आमंत्रित होंगे।

बहरहाल, हर किसी की नजर शनिवार की शाम पर टिकी हैं, जहां 21 नवंबर को चेन्नई में ग्रैंड वेडिंग रिसेप्शन होने वाला है। इस भव्य शाम के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय तक को न्योता दिया गया है। रिसेप्शन पार्टी में देश और दुनिया के दिग्गज नेताओं, बिजनसमैन और फिल्मी दुनिया के दिग्गजों की शिरकत होने वाली है।

संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर (36) और सनराइजर्स हैदराबाद की को-ऑनर काव्या मारन (34) ने 11 नवंबर को ग्रीस में एक बेहद निजी समारोह में शादी की। इस दौरान अनिरुद्ध के मौसा जी रजनीकांत भी परिवार समेत शामिल हुए थे। खास बात यह रही कि कपल ने किसी धार्मिक रीति-रिवाज की बजाय 'आत्म-सम्मान विवाह' (सेल्फ-रिस्पेक्ट मैरिज) परंपरा को चुना। इसमें किसी पुजारी या 'सप्तपदी' जैसे पारंपरिक रिवाजों की जरूरत नहीं होती। इसमें दूल्हा-दुल्हन रिश्तेदारों, दोस्तों या अन्य लोगों की मौजूदगी में एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार करने की घोषणा करते हैं और एक-दूसरे को माला या अंगूठियां पहनाते हैं।