केजीएमयू प्रशासन ने रैगिंग के दोषी पाए गए 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया है और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। शनिवार को इन छात्रों के छात्रावासों में नोटिस चस्पा किए गए। डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चीफ प्राक्टर और हॉस्टल प्रशासन को नोटिस का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। निलंबन अवधि में सभी आरोपित छात्र तीन माह तक कक्षाओं और छात्रावास में प्रवेश नहीं कर सकेंगे और हॉस्टल में भी नहीं रह सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सभी 38 छात्रों को मिलाकर 9.50 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा। केजीएमयू में रैगिंग के मामले में पहली बार इतना अधिक जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा सभी छात्रों की एक साल तक छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है। शुक्रवार को जारी आदेश के तहत की गई कार्रवाई में एमबीबीएस 2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। दोनों जूनियर छात्रों पर सीनियर की रैगिंग में मदद करने का आरोप है।
19 नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। केजीएमयू में यह मामला 16 नवंबर को प्रथम वर्ष के छात्रों का एक वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने के बाद सामने आया था, जिसमें जूनियर छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर को प्रणाम महोदय और प्रणाम मैडम कहते नजर आए थे। शुरुआत में प्रशासन ने इसे रैगिंग मानने से इनकार किया था, लेकिन शिकायतों के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की, जिसमें जूनियर छात्रों को प्रताड़ित किए जाने का मामला सही पाया गया।
केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह के अनुसार, कुलपति ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच के निर्देश दिए थे और जांच कमेटी की रिपोर्ट में जूनियर छात्रों को प्रताड़ित करने की बात की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि रैगिंग किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
