त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में आशाबाड़ी सीमा चौकी के पास सरकारी जमीन पर कथित रूप से अवैध रूप से बने चार मकानों को शनिवार को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, बीएसएफ, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित लोगों को सरकारी जमीन खाली करने के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बोक्सानगर थाने के प्रभारी अधिकारी हिमाद्री सरकार ने कहा कि बेदखली अभियान का बीएसएफ कर्मियों पर हुए हमले से कोई संबंध नहीं है।

बता दें कि दो नवंबर को सीमा चौकी के पास बीएसएफ जवानों पर तस्करों के हमले की घटना हुई थी, जिसमें सहायक कमांडेंट सहित बीएसएफ के चार जवान घायल हो गए थे। पुलिस अब तक आशाबाड़ी में बीएसएफ कर्मियों पर हुए इस हमले के संबंध में 18 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।