सहरसा जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चतुर्थ की अदालत ने अपहरण के एक मामले में आरोपी युवक को अग्रिम जमानत दे दी है, लेकिन साथ ही उस पर सामाजिक दायित्व भी तय किए हैं। मामला सिमरी बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 222/2026 से जुड़ा है, जिसमें सिमरन कुमार उर्फ अश्वनी राज ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। 25 नवंबर 2026 को पारित आदेश में न्यायालय ने याचिका स्वीकार कर ली।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, सूचक रंजीत शर्मा ने आरोप लगाया था कि 14 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे उनकी पुत्री शौच के लिए गई थी, इसी दौरान आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले गया। सूचक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे आरोपी के घर पूछताछ करने पहुंचे तो उसके माता-पिता ने धमकी दी और दुर्व्यवहार किया। वहीं, बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने न्यायालय को बताया कि युवती बालिग है, उसकी जन्मतिथि 11 मई 2008 है। युवती ने धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज अपने बयान में कहा है कि वह अपनी इच्छा से आरोपी के साथ गई थी और उससे शादी कर ली थी। अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया, लेकिन यह भी स्वीकार किया कि युवती ने अपने बयान में आरोपी के विरुद्ध कोई आपत्तिजनक बात नहीं कही है।

युवती के बयान और उसके बालिग होने के तथ्य पर विचार करते हुए न्यायालय ने आरोपी को गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण की स्थिति में चार सप्ताह के भीतर संबंधित न्यायालय में दो जमानतदारों के साथ 10-10 हजार रुपये के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया।

जमानत के साथ सामाजिक कार्य की शर्त भी जोड़ी गई है। आरोपी को अपने गांव के 20 बच्चों को छठी कक्षा तक मुफ्त ट्यूशन देना होगा, जिनमें कम से कम 10 बच्चे बीपीएल श्रेणी के परिवारों से होने चाहिए। उसे सप्ताह में पांच दिन प्रतिदिन तीन घंटे पढ़ाना होगा और यह व्यवस्था लगातार छह महीने तक चलेगी। हर महीने बच्चों के अभिभावकों से पढ़ाई का प्रमाणपत्र लेकर न्यायालय में जमा करना होगा, और छह महीने पूरे होने पर संबंधित क्षेत्र के मुखिया, सरपंच अथवा वार्ड पार्षद से भी प्रमाणपत्र लेकर देना होगा। इसके अतिरिक्त आरोपी को रेडक्रॉस सोसाइटी, सहरसा में रक्तदान कर उसका प्रमाणपत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।