बुलंदशहर की ऐतिहासिक खानपुर रियासत की पांचवीं पीढ़ी के वंशज जुनैद आर. खान अपने बेटे शाहनवाज खान के साथ मंगलवार को अंबाला छावनी स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने 1857 की क्रांति के शहीदों को नमन किया और अपने पूर्वजों के संघर्ष को याद किया। स्मारक में क्रांति के इतिहास और बलिदान की गाथाओं को देखकर उन्होंने हरियाणा सरकार की इस पहल की सराहना की।
खानपुर रियासत का 1857 की क्रांति से गहरा नाता रहा है। बुलंदशहर के बारह बस्ती क्षेत्र की इस रियासत के जमींदार अजीम खान और उनके परिवार ने मालागढ़ के नवाब वलीदाद खान के साथ मिलकर अंग्रेजी सेना का मुकाबला किया था। अजीम खान के बेटे हाजी मुनीर खान ने क्रांतिकारियों के साथ मिलकर कई मोर्चों पर अंग्रेजों से लोहा लिया।
विद्रोह को कुचलने के बाद अंग्रेजों ने परिवार को भारी कीमत चुकाने पर मजबूर किया। परिवार के सदस्यों को फांसी दी गई, संपत्तियां जब्त की गईं और उन्हें खानपुर के किले से बेदखल कर दिया गया। लेकिन परिवार ने हार नहीं मानी। इस बार संघर्ष की कमान परिवार की महिला खानजादी बेगम ने संभाली, जो जुनैद आर. खान और शाहनवाज खान की परदादी थीं। उन्होंने जब्त संपत्ति के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू की।
वर्ष 1866 में अदालत से जीत मिलने के बाद भी संघर्ष जारी रहा और मामला इंग्लैंड की प्रिवी काउंसिल तक पहुंचा। वहां भी खानजादी बेगम ने ब्रिटिश हुकूमत के फैसले को चुनौती दी और परिवार को कानूनी जीत मिली। इसके परिणामस्वरूप रियासत के पांच गांव वापस हासिल हुए।
