जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को मार गिराया गया। अधिकारियों के अनुसार लतीफ किसी मस्जिद में छिपा हुआ था। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की और उसे सरेंडर का मौका दिया, लेकिन उसने सरेंडर से इनकार करते हुए सुरक्षाबलों पर फायरिंग जारी रखी।
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी और कुलगाम सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया था, जबकि लतीफ शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला था। अधिकारियों के मुताबिक लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह लारू में पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई और सीआरपीएफ तथा सेना के जवान भी अभियान में शामिल हो गए।
कुलगाम के अखरन में 11 नवंबर को लतीफ भट ने आतंकी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी और भाग निकले थे। हमले में तीन जवान घायल हुए थे, तब से सुरक्षाबल उनके पीछे लगे थे। पुलिस के अनुसार जांच में जुटाए गए साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि दोनों आतंकियों ने 10 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम में घूमकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के स्थान की पहचान की थी। 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया उमर निसार लतीफ के साथ ही घूम रहा था और जांच में यह भी सामने आया कि उमर ने ही लतीफ को छह माह से पनाह दी हुई थी।
