जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार लतीफ आतंकी बनने से पहले बढ़ई का काम करता था। वह पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और दो दिन बाद 19 नवंबर को उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सुरक्षा बलों के रिकॉर्ड के मुताबिक लतीफ लापता होने के बाद से सुरक्षाबलों और नागरिकों पर हुए कई हमलों का जिम्मेदार था। इसी साल 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या में भी उसका नाम आया था। यह भी माना जा रहा था कि 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक कॉन्स्टेबल की हत्या और अमरनाथ यात्रियों पर नाकाम हमले के पीछे भी लतीफ ही था।

सुरक्षाबलों के मुताबिक लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में सीआरपीएफ की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें तीन जवान घायल हुए थे। इसके बाद दोनों फरार हो गए थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस ने दोनों को घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन पैर में गोली लगने के बावजूद लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

दो दिन बाद देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में उसके छिपे होने की जानकारी मिली। अधिकारियों के मुताबिक अंतिम कार्रवाई से पहले मस्जिद से सटे दारुल उलूम में मौजूद 25 लड़कियों और 2 टीचर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया। 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने आतंकी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। सुरक्षा बलों ने मस्जिद के अंदर आंसू गैस के गोले दागे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल पर सरेंडर करने के लिए कहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लतीफ ने कहा था कि वह सरेंडर नहीं करेगा और उसे अल्लाह से मिलना है।