कुमाऊं मंडल में आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर फरार चल रहे 23 इनामी बदमाश पुलिस और एसटीएफ के रडार पर हैं। इन अपराधियों पर 10 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का इनाम घोषित है। इनमें सबसे अधिक 11 इनामी अपराधी ऊधम सिंह नगर जिले के हैं।

कुमाऊं के छह जिलों में हत्या, लूट, चोरी, डकैती, अपहरण, दुष्कर्म, धोखाधड़ी और तस्करी समेत विभिन्न मामलों में शामिल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चलाती है। अधिकांश मामलों में आरोपित पकड़े जाते हैं, जबकि कुछ फरार रह जाते हैं। लंबे समय तक फरार रहने पर दबिश और संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर उन पर इनाम घोषित किया जाता है।

जिलों की बात करें तो ऊधम सिंह नगर में 11, नैनीताल और पिथौरागढ़ में चार-चार, चंपावत में तीन और अल्मोड़ा में एक इनामी अपराधी फरार है। बागेश्वर जिले में फिलहाल कोई इनामी अपराधी नहीं है। स्थानीय पुलिस के साथ एसटीएफ की टीमें अपराधियों के पुराने ठिकानों, रिश्तेदारों और संपर्क सूत्रों की जानकारी जुटा रही हैं। संदिग्ध मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तराखंड के अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार, उत्तर प्रदेश और पड़ोसी देश नेपाल तक इनके संभावित ठिकानों को लेकर जांच की जा रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार कुछ इनामी बदमाश एसटीएफ के रडार पर हैं और उन्हें ट्रैक कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में काशीपुर हाईवे पर हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग मामले में फरार जसवीर सिंह उर्फ जस्सी निवासी अर्जुनपुर रुद्रपुर और मनमोहन सिंह निवासी नेताजी नगर दिनेशपुर पर पांच-पांच रुपये का इनाम घोषित किया गया था।