कुमाऊं विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के शोधकर्ताओं ने सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग और मशीन लर्निंग मॉडल की मदद से मध्य हिमालय की नौ प्रमुख झीलों का अध्ययन किया है। डॉ. पीसी चन्याल के नेतृत्व में विश्लेश्वर और कैलाश चंद्र द्वारा किए गए इस शोध में नैनीताल, भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, खुर्पाताल, कमलताल, सूखाताल, पूर्णाताल और गरुड़ताल की पारिस्थितिक स्थिति की जांच की गई। अध्ययन में झीलों के मूल्यांकन के लिए हिमालयन एक्वाटिक इकोसिस्टम इंडेक्स विकसित किया गया है।
शोध के अनुसार कमलताल (0.839) और सूखाताल (0.729) हाइपर-यूट्रोफिक यानी अत्यधिक पोषक तत्वों से भरी स्थिति में पहुंच चुके हैं। इन दोनों झीलों में क्लोरोफिल-ए का स्तर 17.4 से 18.8 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तक पहुंच गया है, जिससे एल्गल ब्लूम का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नैनीताल (0.416), भीमताल (0.410) और पूर्णाताल (0.405) को यूट्रोफिक यानी प्रदूषण और जैविक क्षरण से प्रभावित श्रेणी में रखा गया है। सातताल, नौकुचियाताल, खुर्पाताल और गरुड़ताल फिलहाल मेसोट्रोफिक स्थिति में पाए गए हैं। शोध में यह भी सामने आया कि शहरी दबाव और अस्थिर जल प्रणाली वाली झीलों का व्यवहार अनियमित हो गया है।
भारतीय मानक ब्यूरो के मानकों के आधार पर पेयजल स्रोतों की जांच में झील के छह नमूनों में से 83.3 फीसदी पीने के लिए अनुपयुक्त पाए गए, जबकि 16.7 फीसदी अत्यंत खराब श्रेणी में रहे। नल के पानी के 15 नमूनों में से 73.3 फीसदी पीने योग्य नहीं मिले। झरनों के आठ नमूनों में 75 फीसदी पानी अनुपयुक्त पाया गया, जबकि आरओ के नौ नमूनों में 44.4 फीसदी उत्कृष्ट और 22.2 फीसदी अच्छे स्तर के मिले। मिट्टी के घड़े का पानी जांच में शत-प्रतिशत उत्कृष्ट पाया गया।
शोधकर्ताओं ने हिमालयी झीलों के संरक्षण के लिए आधुनिक भू-स्थानिक तकनीकों, मशीन लर्निंग और एचएईआई संकेतकों की मदद से तनावग्रस्त झीलों की निरंतर वैज्ञानिक निगरानी करने का सुझाव दिया है। डॉ. पीसी चन्याल के अनुसार शोध बताता है कि मानवीय दबाव और जलवायु परिवर्तन के तनाव में आने पर झीलें बेहद संवेदनशील हो जाती हैं, इसलिए निरंतर निगरानी और ठोस प्रबंधन रणनीति बनाना जरूरी है। अंधाधुंध शहरीकरण, अनियंत्रित पर्यटन, सीवेज और जलवायु परिवर्तन को इसका मुख्य कारण बताया गया है।
