लैंसडौन के गढ़वाल राइफल्स में अग्निवीरों के लिए गढ़वाली लोक संस्कृति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में गढ़वाल राइफल्स के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने अग्निवीरों के साथ थड़िया, चौंफला और चांचड़ी लोकनृत्य में हिस्सा लिया। कमांडेंट को अग्निवीरों के बीच पारंपरिक नृत्य करते देख कार्यशाला का माहौल उत्साह से भर उठा।

कार्यशाला का आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला व संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहयोग से किया जा रहा है। इस दौरान अग्निवीरों और रेजीमेंट के अधिकारियों को गढ़वाली लोकनृत्यों की बारीकियों से परिचित कराया गया और नृत्य के गुर भी सिखाए गए।

भातखंडे संगीत महाविद्यालय पौड़ी के प्राचार्य व प्रसिद्ध कोरियोग्राफर अनिल बिष्ट ने कार्यशाला में थड़िया-चौंफला, चांचड़ी-दांकुड़ी, तांदी, हारुल, नाटी, झुमैलो और छोपती जैसे पारंपरिक लोकनृत्यों की जानकारी दी। उन्होंने इन नृत्यों की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि, परंपरा और पद संचालन की बारीकियां समझाईं। दांकुड़ी नृत्य की परंपरा को देव नृत्यों से जोड़ते हुए उन्होंने ‘बदरीनाथ जि झामको’ दांकुड़ी की प्रस्तुति दी। बिष्ट ने बताया कि गढ़वाल में बसंत पंचमी से विषुवत संक्रांति तक इन लोकनृत्यों को करने की परंपरा रही है। उन्होंने ‘बंको इड़िया बौ सिंह भंडारी’ गीत पर थड़िया और ‘लाट बोलणि तलंजा कि जब कुई बणैंई जाणो’ गीत पर चौंफला नृत्य कराया।

इससे पहले लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र के सहायक निदेशक महेंद्र सिंह पंवार ने गढ़वाली लोकगीतों की परंपरा और उनके सांस्कृतिक महत्व पर व्याख्यान दिया। उन्होंने मांगल, थड़िया-चौंफला, चांचड़ी, बाजूबंद और तांदी लोकगीतों की जानकारी देने के साथ उनका गायन भी प्रस्तुत किया। प्रसिद्ध बांसुरी वादक महेश चंद ने बांसुरी और शहनाई वादन से लोकसंगीत की छटा बिखेरी, जबकि तबले पर जयेन्द्र सिंह ने संगत की। कार्यक्रम का संचालन संस्कृति निष्पादन केंद्र के निदेशक व कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गणेश खुगशाल गणी ने किया।