जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लतीफ आतंकी बनने से पहले बढ़ई (कारपेंटर) का काम करता था। वह पिछले साल 17 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था और इसके दो दिन बाद, 19 नवंबर को, उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सुरक्षा बलों के रिकॉर्ड्स के अनुसार, लापता होने के बाद लतीफ सुरक्षाबलों और नागरिकों पर हुए कई हमलों का जिम्मेदार था। लश्कर में शामिल होने के बाद उसकी फोटो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुई थी। इसी साल 31 जुलाई को कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या में भी उसका नाम आया था। यह भी माना जा रहा था कि 22 जुलाई को जम्मू-कश्मीर पुलिस के कॉन्स्टेबल की हत्या और अमरनाथ यात्रियों पर नाकाम हमले के पीछे भी लतीफ ही था।

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी, जिसमें 3 जवान घायल हो गए थे। इसके बाद से दोनों फरार थे। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस ने दोनों आतंकियों को घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन पैर में गोली लगने के बावजूद लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दो दिन बाद जानकारी मिली कि वह देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा है।

आखिरी कार्रवाई से पहले मस्जिद से सटे दारुल उलूम (धार्मिक शिक्षण संस्थान) में मौजूद 25 लड़कियों और 2 टीचर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि आतंकी मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने आतंकी के खिलाफ अंतिम कार्रवाई शुरू की। सुरक्षा बलों ने मस्जिद के अंदर आंसू गैस के गोले दागे, ताकि आतंकी बाहर आ जाए, और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई, ताकि वह भाग न सके। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल पर सरेंडर करने के लिए कहा था। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, 'हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।' लतीफ ने जवाब दिया, 'मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।'