लुधियाना के नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी संतोष कुमार ने ड्रोन टेक्नोलॉजी के छह महीने के कोर्स में 600 में से 597 अंक हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। शनिवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बेस्ट ड्रोन टेक्नीशियन अवार्ड से सम्मानित किया।
संतोष के पिता अरुण कुमार दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद संतोष ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद ड्रोन टेक्नोलॉजी में भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए यह कोर्स चुना। पढ़ाई के साथ उन्होंने काम भी जारी रखा, ताकि परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े। वर्तमान में वह आक्टेव इंडस्ट्री में आइटी सहायक के रूप में कार्यरत हैं।
संतोष का कहना है कि ड्रोन का इस्तेमाल खेती, उद्योग, सर्वे और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है, इसी वजह से उन्होंने यह तकनीक सीखने का फैसला किया। पढ़ाई और नौकरी के बीच समय निकालना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मेहनत और अनुशासन से उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल किया। देशभर में पहला स्थान मिलने और प्रधानमंत्री से सम्मानित होने को वह अपने जीवन का सबसे खुशी का पल मानते हैं। उनका कहना है कि यह उपलब्धि माता-पिता के संघर्ष और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।
अब संतोष का लक्ष्य ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू करना है। वह नई तकनीक और उपयोगी समाधान विकसित कर उन्हें बड़े स्तर पर पहुंचाना चाहते हैं। उनका मानना है कि युवाओं को केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप नई स्किल भी सीखनी चाहिए।
