सुप्रीम कोर्ट ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर की दोबारा गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर शुक्रवार को ईडी से जवाब मांगा है। हालांकि, अदालत ने वकील को अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने बांबे हाई कोर्ट के उस आदेश के खिलाफ दायर याचिका पर ईडी को नोटिस जारी किया, जिसने जांच एजेंसी को वकील की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता साफ किया था।
ईडी का आरोप है कि हिमांशु शेखर ने महादेव एप के सरगना सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लिए थे। आरोप है कि उन्होंने मामले में न्यायाधीशों, वकीलों और सरकारी अधिकारियों को प्रभावित करने का आश्वासन दिया था। जांच एजेंसी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर का नाम लिया था और उन्हें भुगतान किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद एजेंसी ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया।
20 नवंबर को मुंबई हवाई अड्डे पर दुबई जाने के दौरान हिमांशु शेखर को हिरासत में लिया गया था। गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर को इसी महीने ओमान से प्रत्यर्पित किया गया था और वह फिलहाल रायपुर केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में है।
